लॉकडाउन के कारण उत्तर प्रदेश के वृंदावन में फंसे ओडिशा के बौध, सोनपुर व देवगढ़ जिले के 56 तीर्थ यात्रियों को ओडिशा सरकार की मदद से सकुशल घर वापसी करा लिया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से यह घर वापसी संभव हो पाई है। सभी यात्री सोमवार को बस से बीरमित्रपुर बॉर्डर पहुंचे थे। जहां से उन्हें सीधे राउरकेला लाया गया।
यहां राउरकेला सरकारी अस्पताल में सभी यात्रियों के साथ बस के दोनों चालक तथा एक हेलपर की भी स्वास्थ्य जांच की गई। सभी यात्री व बस के कर्मचारी स्वस्थ्य पाए गए। हालांकि सतर्कता के तहत सभी 56 तीर्थ यात्री व बस के तीनों कर्मचारियों को मिलाकर कुल 59 लोगों को 14 दिनों के लिए छेड़ स्थित कोरोना क्वॉरेंटाइन होम भेज दिया गया है।