राजस्थान की ओर से आगरा की सीमा में हजारों लोगों के आने की जानकारी मिलने पर पुलिस- प्रशसान के अधिकारियों ने सोमवार की सुबह से वहां डेरा डाल दिया। आगरा भरतपुर और धौलपुर के अधिकारियों ने लोगों को काउंसिलिंग करके उन्हें वहीं पर रुकने के लिए समझाया गया। राजस्थान में आगरा की सीमा से लगे स्कूलों और फतेहपुर सीकरी मंडी समिति में इन लोगों को क्वेरेंटाइन किया जा रहा है। लोगों को उनके खाने-पीने की व्यवस्था का आश्वासन देने के बाद वह पर रुक गए। वहीं कुछ लोगों को वाहनों की व्यवस्था करके उनके शहरों तक भेजा गया।
दिल्ली एनसीआर के अलावा राजस्थान की ओर से भी हजारों लोग आगरा पहुंच रहे हैं। सोमवार को भी हजारों लोगों के राजस्थान के भरतपुर और धौलपुर से आगरा की सीमा से आने की जानकारी मिली थी। इस पर एसपी ग्रामीण पश्चिमी रवि कुमार समेत अन्य अधिकारी भरतपुर की सीमा पर पहुंच गए। लोगों काे रोकने के साथ ही उन्हें कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने और उससे बचने के लिए वहीं पर रुकने की कहा। मगर, लोग इसके लिए तैयार नहीं थे। वह किसी भी कीमत पर अपने घर लौटने की जिद पर अड़े थे। इस पर एसपी रवि कुमार ने भरतपुर के अधिकारियों से संपर्क किया। भरतपुर पुलिस ने बताया कि लोगों काे रोकने के लिए सीमा से लगे हुए स्कूलों में व्यवस्था की गई है। इसके बाद दोनों जिलों के अधिकारियों ने आने वाले लोगों की काउंसिलिंग शुरू की। काफी समझाने के बाद लोग सीमा पर ही रुकने को राजी हो सके। भरतपुर पुलिस ने आगरा की सीमा से लगे स्कूलों में लोगों को क्वेरेंटाइन करने की व्यवस्था की है। एसपी रवि कुमार ने बताया फतेहपुर सीकरी मंडी समिति में लोगों को रोकने की व्यवस्था की गई है। उन्हें वहां पर खाने-पीने का इंतजाम किया गया है।