कोरोना वायरस की जंग में हर राज्य सरकार अतिरिक्त फंड के जरिए इस पर रोक लगाने की कोशिश कर रही है। इसी बीच मध्य प्रदेश सरकार ने भी प्रदेश में होने वाले आइफा इवेंट को अलॉट किए गए पैसे फिर से सीएम फंड में ट्रांसफर कर लिए हैं। अब इस फंड को कोरोना वायरस की रोकथाम में काम में लिया जाएगा। पहले मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने आइफा के लिए इसका अलॉटमेंट किया था और अब शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने इसे फिर से सीएम फंड में ट्रांसफर करने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री ऑफिस के आधिकारिक ट्वीट में इसकी जानकारी दी गई है। ट्वीट में लिखा है- ' मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में आइफा का आयोजन होने वाला था। वर्तमान में COVID 19 संकट के चलते यदि आइफा पर व्यय होने वाली राशि कोरोना सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में दी जाती है, तो उससे बड़ी संख्या में जनता को सहायता दी जा सकती है।' शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंस में पैसे ट्रांसफर करने की बात कही है।