चतरा : जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों में तबलीगी जमात का काम कर रहे लोगों को बुधवार को पुलिस ने नजदीकी क्वारंटाइन सेंटरों में शिफ्ट कर दिया है। तबलीगी जमात में शामिल उपर्युक्त लोग दिल्ली के हैं। वे लोग पिछले एक से डेढ़ महीनों से इस क्षेत्र में काम कर रहे थे। तबलीगी जमात से जुड़े लोगों ने बताया कि संबंधित गांवों के ग्रामीणों ने इसकी जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को दी और उसके बाद डीसी एवं एसपी के आदेश पर इन सभी को संबंधित प्रखंड मुख्यालयों में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में शिफ्ट करा दिया गया है। पूरे चौदह दिनों तक ये लोग निगरानी में रहेंगे। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार प्रतापपुर प्रखंड चंद्री गांव के एक मस्जिद से कुल 11 लोगों थे। इन सभी को प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय भवन में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। इस प्रकार कुछ लोगों को नजदीकी क्वारंटाइन सेंटरों में रखा गया है। उनकी निगाहबानी और खाने पीने के आदेश दिए गए हैं।