प्रदेश के कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग और जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि कांग्रेस व समाजवादी पार्टी ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस जिन कृषि विधेयकों का विरोध कर रही है, वह कांग्रेस के एजेंडे में भी रहे हैं। कांग्रेस ने कभी सभी खाद्यानों की एमएसपी नहीं की। यही कारण है कि यूपीए के शासनकाल में 2.66 लाख किसानों ने आत्महत्या की। कांग्रेस व अन्य विपक्ष संसद में इस पर बात करने के बजाय सड़क पर आकर हिंसा फैलाते हैं।
सूर्यप्रताप शाही शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। कृषि विधेयकों के विरोध पर किए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि यह विधेयक कांग्रेस के एजेंडे में भी था, मगर अब जब मोदी सरकार किसानों की आय दुगनी करने के मजबूत इरादों के साथ इन्हें लेकर आई तो कांग्रेस व विपक्ष संसद में इस पर चर्चा नहीं करते। हाथरस कांड में जयंत पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को हुई महापंचायत पर उन्होंने कहा कि भाजपा व मोदी सरकार जातीय आधार पर विश्लेषण नहीं करते।