सीतापुर : कृषि विधेयकों पर फैल रही अफवाहों को लेकर सीतापुर के भाजपा सांसद राजेश वर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि विपक्ष दुष्प्रचार कर किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह बिल किसानों की आय दोगुनी करने में बड़ी भूमिका निभाएगा।
शुक्रवार को अपने सीतापुर आवास पर सांसद ने कहा कि जब वह लोगों के बीच में गए और बातचीत की तो कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। उन्होंने कहा कि किसान विपक्षी दलों के दुष्प्रचार को ही सही मान रहे थे। सबसे ज्यादा दिक्कतें लोगों को एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) को लेकर थीं। लोग यह समझ रहे हैं कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य को खत्म कर रही है। यह बिल्कुल गलत है। एमएसपी खत्म नहीं हो रही है। इसे और सख्ती से लागू किया जाएगा। यह किसानों की आय को दोगुना करने में बड़ी भूमिका निभाएगा। उनकी समृद्धि के द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि किसान बिल के बाद अब किसान देश भर में अपना अनाज बेच सकेंगे। उन्हें जहां बेहतर मूल्य मिलेगा, वह अपने अनाज की बिक्री भी वहीं पर कर सकेंगे। पहले अनाज बाहर लेकर जाने में किसानों को तमाम तरह की कठिनाई आती थी। अब यह कुछ नहीं होगा। इसी तरह कांट्रैक्ट फार्मिंग बिल को लेकर भी फैलाया गया है कि इससे किसानों की जमीन चली जाएगी। यह भी सही नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की समृद्धि के लिए सबसे ज्यादा गंभीर हैं। अब एक क्लिक से देश भर के किसानों के खाते में किसान सम्मान योजना के तहत धनराशि पहुंचती है।
बदहाली का मुद्दा उठाएंगे
पत्रकारों से बातचीत के दौरान राइस मिलों की बदहाली और धान क्रय केंद्रों को लेकर आए सुझावों को भी सांसद ने गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि इन सुझावों को वह उचित माध्यम से सही मंच पर पहुंचाएंगे और पूरी मदद करने की कोशिश करेंगे।