लखनऊ, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानमंडल में उच्च सदन माने वाले विधान परिषद में भी अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। भाजपा ने 11 में से छह सीट पर जीत दर्ज की है। एक दिसंबर को मतदान के बाद तीन से चल रही मतगणना रविवार को सम्पन्न हो गई। भाजपा ने शिक्षक खंड की छह में से तीन सीट के बाद स्नातक खंड की पांच में से तीन सीट पर जीत दर्ज की।
भारतीय जनता पार्टी ने कुल छह सीट पर जीत दर्ज की है। समाजवादी पार्टी ने तीन सीट अपने नाम की है जबकि दो सीट पर निर्दलीय विजयी रहे हैं। भाजपा के पास 2015 में 11 में से सिर्फ दो सीटें ही थीं। सपा ने तीन सीटें जीती हैं। उसके पास भी पिछले चुनाव में दो सीटें थीं। इस चुनाव में नुकसान तो शिक्षक नेताओं के खेमे से हुआ है। वह छह से सिमटकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में महज दो पर आ गए हैं, जबकि पिछली बार निर्दलीय खाते में एक सीट गई थी। स्नातक खंड की पांच में से चार सीट पर तो शनिवार को ही परिणाम आ गया था, लखनऊ सीट पर मतगणना काफी लम्बी खिंचने के कारण रविवार को इसका नतीजा आया।