गोंडा, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के गोंडा में शनिवार को एक 40 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। उसके गले व चेहरे पर घाव पाए गए हैं। माना जा रहा है कि उसकी हत्या कर शव फेंका गया है। ग्रामीणों ने शव देखा। इसके बाद सूचना डायल 112 व कोतवाली पुलिस को दी। शव के पास से बरामद हथियार...
मामला कोतवाली कर्नलगंज के ग्राम नरायनपुर माझा स्थित कटरा घाट के पास का है। यहां शव मिलने की जानकारी मिलते ही वहां भीड़ जमा हो गई। पुलिस क्षेत्रधिकारी मुन्ना उपाध्याय व कोतवाल संतोष कुमार सिंह पहुंचे। महिला के गले का कुछ हिस्सा किसी धारदार औजार से कटा था। शव के पास से एक चाकू भी बरामद हुआ। लोग महिला के साथ दुष्कर्म करके हत्या करने की आशंका जाहिर कर रहे हैं। कोतवाल ने बताया कि महिला के शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। जांच कराई जा रही है। महिला काले रंग का नकाब व छीटदार सलवार सूट पहन रखी थी। उसके दाहिने हाथ की कलाई में कंगन व काला धागा बंधा हुआ है। पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि महिला की पहचान के बाद ही घटना का राजफाश हो सकेगा। सभी बिंदुओं पर जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा।