बाराबंकी, जेएनएन। Barabanki Police Encounter: जहांगीराबाद थाना के अनखा जंगल के पास बेसहारा पशुओं का वध करने जा रहे गोकश ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायर कर दिया। इसमें एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग से एक गोकश भी घायल हुआ है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उसका साथी भागने में सफल रहा। एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि जहांगीराबाद एसओ दर्शन यादव को शुक्रवार देर रात गोकशी के दो गोकशों के जाने की सूचना मिली। इस पर जहांगीराबाद पुलिस ने क्राइम ब्रांच व आसपास के थानों से संपर्क साधा और अनखा के जंगल में घेराबंदी कर ली।
बाइक से भाग रहे बदमाशों ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायर कर दिया। इससे एक गोली सिपाही दिनेश यादव के हाथ में लग गई। इसके बाद शुरू हुई जवाबी फायरिंग में पुलिस ने सतरिख कस्बा में रहने वाले मेराज को घायल कर दिया। पैर में गोली लगने से बाइक पर सवार दोनों बदमाश गिर गए। पुलिस ने मेराज को तो पकड़ लिया, लेकिन उसका साथी भाग गया। पुलिस ने आरोपित के पास से बाइक, तमंचा कारतूस और प्रतिबंधित पशुओं के वध के लिए औजार बरामद किए हैं। एएसपी आरएस गौतम ने बताया कि मेराज पर छह गोकशी के मुकदमे दर्ज हैं। इसका सगा भाई सिराज बड़ा गो तस्कर है, जो हाल ही में जेल भेजा गया है।