यूपी के रण यानी विधानसभा चुनाव 2022 का दूसरा फेज। 9 जिलों की 55 सीटें और दांव पर 586 उम्मीदवारों की किस्मत। इसका फैसला 2 करोड़ वोटर आज कर देंगे। शाम 5 बजे तक 60.44% वोटिंग हुई है। पोलिंग का आखिरी घंटा चल रहा है और अभी भी बूथों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
वोटिंग के बीच ही भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि सेकेंड फेज में बुर्के जा रही महिलाओं की पहचान के बिना ही वोट पड़वाए जा रहे हैं। इसके चलते फर्जी मतदान हो रहा है। इनकी पहचान महिला पुलिसकर्मियों और चुनाव कर्मियों से कराई जाए।
मुरादाबाद में सपा और बसपा समर्थकों के बीच मारपीट और पथराव हुआ है। इसके बाद प्रधान समेत 5 लोग हिरासत में लिए गए हैं। सहारनपुर में में समाजवादी पार्टी और भाजपा के समर्थकों में लड़ाई हुई है। अमरोहा में सपा प्रत्याशी ने अपने समर्थकों पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया।
सपा का चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल
सपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि सहारनपुर में बेहट के बूथ पर साइकिल का बटन दबाने पर वीवीपैट से कमल की पर्ची निकल रही है। यह भी कहा कि जिन महिलाओं को कम दिखता है या नहीं दिखता है, उनका वोट मतदान अधिकारी खुद डाल रहे हैं।वोटिंग ट्रेंड बना भाजपा के लिए चुनौती
एक्सपर्ट्स का मानना है कि हिजाब कंट्रोवर्सी के बीच सेकेंड फेज भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है, क्योंकि इन 9 जिलों में 50% से ज्यादा वोटर्स मुस्लिम हैं। 11 बजे तक का वोटिंग ट्रेंड बता रहा है कि मुस्लिम बहुल 12 फीसदी सीटों पर दूसरी जगहों के मुकाबले 3% ज्यादा वोटिंग हो रही है। 11 बजे तक 9 जिलों में कुल 23.03% वोटिंग हुई और मुस्लिम बहुल 12 सीटों पर 26.32% वोट पड़े।वोटिंग अपडेट्स...
बरेली और सहारनपुर में दूसरे चरण का मतदान खत्म हो गया है। बरेली में 57.68% और सहारनपुर में 67.05% मतदान हुआ।
आजम के बेटे अब्दुल्ला आजम ने कहा- आजम साहब की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता। अगर किसी को लगता है कि एक बेगुनाह को जेल में रखना अच्छा है तो यह भाजपा की गलतफहमी है। भाजपा को 10 मार्च को सब पता चल जाएगा।
आजम खान की पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा रामपुर में वोट डालने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि आजम के नहीं होने के बावजूद भी जनता जोश में है, हमारी जीत पक्की है।
संभल में असमोली विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी हरेंद्र उर्फ रिंकू की गाड़ी पर लाठी-डंडों से हमला किया गया है। बिजनौर में मतदान शुरू होने पर बूथ पर पहुंचे दो पक्ष आपस में भिड़ गए।
सहारनपुर की नकुड़ विधानसभा के ढिक्का में ड्यूटी पर आए एक पीठासीन अधिकारी की देर रात हार्ट अटैक से मौत हो गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर वोटिंग की अपील की। लिखा- सबसे पहले मतदान, फिर अन्य काम।
वोटिंग के बीच मोदी-योगी के बयान
वोटिंग के बीच सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर में चुनावी रैली की। उन्होंने सपा पर तंज कहा। कहा कि अगर इनका बस चलता तो ये कानपुर और दूसरे इलाकों को माफियागंज मोहल्ला बना देते। अब इनकी माफियागिरी आखिरी सांसें गिन रही है। मुस्लिम महिलाओं की वोटिंग पर वे बोले- मेरी मुस्लिम बहनें मन बनाकर बिना शोर-शराबे के आशीर्वाद देने घर से निकल रहीं हैं। वे जानती हैं कि जो सुख-दुख में काम आता है, वही अपना होता है।उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिजाब कंट्रोवर्सी के बीच एक इंटरव्यू में कहा कि आस्था को देश और संस्थानों पर लागू नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा- मैं सभी को भगवा पहनने का आदेश नहीं दे सकता। स्कूलों में तो ड्रेस कोड होना चाहिए। योगी आदित्यनाथ ने कहा- उत्तर प्रदेश में 80 V/S 20 का चुनाव है। इस विधानसभा चुनाव में भाजपा 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी। मेरी इस बात का धर्म और जाति से लेना-देना नहीं है।
जानिए यहां का चुनावी गणित
2017 में इन 55 सीटों में से भाजपा ने 38, सपा ने 15 और कांग्रेस ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार यहां सपा और रालोद ने गठबंधन किया है। भाजपा, कांग्रेस और बसपा सभी 55 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रहे हैं। पश्चिम यूपी का यह क्षेत्र भी जाट, मुस्लिम और गुर्जर बहुल है। कृषि प्रधान क्षेत्र होने के चलते यहां किसानों का अच्छा वर्चस्व है। इस क्षेत्र में भी केंद्र का कृषि कानून का मुद्दा काफी छाया रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी समेत भाजपा नेताओं ने किसानों की नाराजगी दूर करने की कोशिश की है। हालांकि भाजपा किसानों की नाराजगी किस हद तक दूर कर पाई है, यह रिजल्ट आने पर ही साफ हो पाएगा। अखिलेश यादव ने जयंत के साथ मिलकर किसानों से वादा किया है कि वे उनके हित के लिए भाजपा को पटखनी देंगे।
कृषि कानून: यहां सबसे बड़ा मुद्दा कृषि कानून रहा। अखिलेश-जयंत ने अपनी ज्यादातर सभाओं में इस कानून को लेकर भाजपा सरकार को घेरा है।
गन्ना बकाया: भाजपा ने 15 दिनों में गन्ना किसानों का भुगतान करने का वादा किया है। न करने पर ब्याज देने की बात कही है। सपा ने 15 दिनों में गन्ना किसानों को भुगतान और हर फसल को एमएसपी देने का वादा किया है।
मुजफ्फरनगर दंगे, कैराना और गुंडागर्दी: भाजपा नेताओं ने चुनाव में मुजफ्फरनगर दंगे, कैराना पलायन और कानून व्यवस्था को लेकर सपा को घेरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा के हर नेता ने अपनी लगभग हर सभा में इन मुद्दों का जिक्र किया है।
ओडीओपी: इस चुनाव में ओडीओपी यानी वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट को भी बतौर विकास भाजपा ने पेश किया। इसकी वजह यह थी कि दूसरे चरण में जिन जिलों में चुनाव है, उनमें से कई अपने लघु उद्योग के लिए चर्चित हैं। जैसे रामपुर का चाकू, मुरादाबाद का बर्तन, शाहजहांपुर जरदोजी और फर्नीचर के लिए।अब बात 55 सीटों में शुमार दिग्गजों की
1. रामपुर: दिग्गज आजम V/S युवा आकाश
इस सीट पर सपा ने पूर्व कैबिनेट मंत्री और कद्दावर नेता आजम खां को टिकट दिया है। आजम खां अभी सीतापुर जेल में हैं। वह जेल से ही चुनाव लड़ रहे हैं। उनके मुकाबले में बीजेपी ने युवा चेहरे आकाश सक्सेना को उतारा है। आकाश भी पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, बसपा से सदाकत हुसैन मैदान में हैं। 80 के दशक से ही यह सीट आजम और उनके परिवार के पास रही है। आजम 9 बार इस सीट से चुनाव जीत चुके हैं।
2. स्वार: अब्दुल्ला V/S नवाब का बेटा
सपा ने इस सीट पर आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम खां को टिकट दिया है। उनका मुकाबला भाजपा और अपना दल (एस) गठबंधन के उम्मीदवार हैदर अली उर्फ हमजा मियां से है। नवाब खानदान से ताल्लुक रहने वाले हैदर के पिता 5 बार के विधायक कासिम अली हैं। कासिम अली और आजम खां के परिवार में 36 का आंकड़ा है। 2017 में इस सीट पर अब्दुल्ला आजम खां ने जीत दर्ज की थी। हालांकि, बाद में एक मामले में उनकी विधायकी रद्द हो गई थी।
3. शाहजहांपुर: 8 बार के विजेता V/S कांग्रेस की लड़ने वाली
यहां से योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना मैदान में हैं। अब तक इस सीट से 8 बार चुनाव जीत चुके सुरेश खन्ना के सामने सपा के तनवीर खान, बसपा के सर्वेश पांडे, कांग्रेस की पूनम पांडे हैं।
4. नकुड़: सैनी V/S चौधरी
दो बार के विधायक धर्म सिंह सैनी की प्रतिष्ठा दांव पर है। 2012 में यहां बसपा के टिकट से जीतने वाले धर्म सिंह सैनी ने 2017 में नकुड से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीते भी थे। इसके बाद वे योगी सरकार में आयुष मंत्री बने। 2022 के चुनाव से चंद दिन पहले ही सैनी ने भाजपा छोड़ सपा की साइकिल थाम ली
और टिकट भी ले लिया। सैनी के सामने भाजपा के मुकेश चौधरी हैं। बसपा के साहिल खान और कांग्रेस के रणधीर सिंह मुकाबले को दिलचस्प बना सकते हैं।
5. बिलासपुर: भाजपा के मंत्री V/S मौजूदा विधायक
भाजपा के मंत्री और पंजाबी चेहरा बलदेव सिंह औलख चुनाव मैदान में हैं। वर्तमान विधायक औलख के सामने सपा के अमरजीत सिंह, बसपा के रामअवतार कश्यप और कांग्रेस के संजय हैं।वोटिंग की तैयारियां, 50% बूथ पर वेब कास्टिंग
पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों पर एक दिन पहले ही पहुंच चुकी थीं। सभी बूथों पर पैरा मिलिट्री फोर्स लगाई गई है। 50% बूथ पर वेब कास्टिंग कराई जा रही है। इन बूथों की गतिविधि को सीधे लखनऊ और दिल्ली में बने सेंटर्स से देखा जा सकता है।तस्वीर वोटिंग से एक दिन पहले की है, जब पोलिंग पार्टियां अपने बूथों पर जाने के लिए गाड़ियों का इंतजार कर रही थीं।
इन 55 सीटों पर वोटिंग
बेहट, नकुड़, सहारनपुर नगर, सहारनपुर देहात, देवबंद, रामपुर मनिहरन (सु), गंगोह, नजीबाबाद, नगीना (सु), बढ़ापुर, धामपुर, नटहौर (सु), बिजनौर, चांदपुर, नूरपुर, कांठ, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद ग्रामीण, मुरादाबाद नगर, कुंदरकी, बिलारी, चंदौसी (सु), असमौली, संभल, स्वार, चमरौआ, बिलासपुर, रामपुर, मिलक (सु), धनौरा (सु), नवगवान सादत, अमरोहा, हसनपुर, गुन्नौर, बिसौली (सु), सहसवान, बिल्सी, बदायूं, शेखुपुर, दातागंज, बहेड़ी, मीरगंज, भोजीपुरा, नवाबगंज, फरीदपुर (सु), बिथरी चैनपुर, बरेली शहर, बरेली कैंट, आंवला, कटरा, जलालाबाद, तिलहर, पुआयां (सु), शाहजहांपुर, ददरौल।
UP वोटिंग LIVE:5 बजे तक 60.44% मतदान, सपा का आरोप- साइकिल का बटन दबाने पर निकल रही कमल की पर्ची
By -
February 14, 2022