भाजपा प्रदेश की कार्यसमिति की बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता, छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा 130 संकल्पों के साथ उतरी थी। इनमें से 97 संकल्प पूरे करने लिए हमने पहले ही बजट में व्यवस्था कर ली है। हम तो हर नौजवान को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान से आज गांव की तस्वीर बदल रही है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश आज दूसरे नंबर पर है। आज उत्तर प्रदेश दंगामुक्त प्रदेश है। आज हर त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होते हैं। आज सड़कों पर नमाज नहीं होती है। धार्मिक स्थलों से लाउड स्पीकर उतारे गए हैं। आज उत्तर प्रदेश की की एक अलग पहचान बन चुकी है।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी के संकल्प स्वच्छता अभियान से हमने कई बीमारियों को हराया है। इतना ही नहीं इंसेफ्लाइटिस जैसी बीमारी पर काबू पाया गया है। पहले तो इंसेफ्लाइटिस बीमारी मासूमों को निगल जाती थी। इस पर प्रभारी कार्ययोजना से 95 प्रतिशत मौत को रोका गया गया है। आज 47 लाख गरीबों को आवास उपलब्ध कराया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) कर्मवीर, प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर, गोविंद नारायण नारायण शुक्ल, अश्वनी त्यागी, अमर पाल मौर्य, सुब्रत पाठक, प्रियंका रावत, अनूप गुप्ता के साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह भी मौजूद हैं।
भाजपा उत्तर प्रदेश की कार्यसमिति की इस बैठक में लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी के साथ ही कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार होगी। अब तक के कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ ही लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।
इस बैठक में उद्घाटन सत्र के अलावा एक सत्र में अब तक के कार्यक्रमों का ब्योरा रखा जाएगा। इसके साथ साथ ही 2024 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव के लिए भी कार्यक्रम तय किए जाएंगे। पार्टी उन कार्यक्रमों-योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारकर जनता से जुड़ाव बढ़ाने का प्रयास करेगी। बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारी, उत्तर प्रदेश से चुने गए केंद्रीय मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्री, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल हैं।